home page

कर्ज में डूबे सरकारी शिक्षक ने गैंगस्टर बन व्यापारियों से मांगी 1.40 करोड़ की फिरौती, पुलिस ने दबोचा

 | 
कर्ज में डूबे सरकारी शिक्षक ने गैंगस्टर बन व्यापारियों से मांगी 1.40 करोड़ की फिरौती, पुलिस ने दबोचा


बांसवाड़ा, 06 अप्रैल (हि.स.)। बांसवाड़ा शहर में दो प्रतिष्ठित व्यापारियों को जान से मारने की धमकी देकर करोड़ों रुपये की फिरौती मांगने वाले आरोपित को राजतालाब थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ा गया आरोपित विकेश कुमार कमोल पुत्र कालिया कमोल है, जो कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चुडादा में द्वितीय श्रेणी गणित का अध्यापक है। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब बीती 30 मार्च 2026 को आरोपित ने व्यापारियों को हस्तलिखित पत्र भेजकर भारी रकम की मांग की थी। आरोपित ने एक व्यापारी की दुकान के शटर के नीचे पत्र डालकर और दूसरे के फार्म हाउस पर कर्मचारी के जरिए धमकी पहुँचाई थी, जिसमें खुद को बड़ा गैंगस्टर बताते हुए पैसे न देने पर परिवार और संपत्ति को खत्म करने की चेतावनी दी गई थी।

आरोपित ने व्यापारियों से 90 लाख और 50 लाख रूपये की मांग करते हुए उन्हें भोयन घाटी पर पानी की टंकी के पास नीम के पेड़ के नीचे रखने को कहा था। इस धमकी से डरे हुए व्यापारियों ने अगले दिन पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लेते हुए शहर के लगभग 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपित के आने-जाने का पूरा रूट मैप तैयार किया। जांच के दौरान स्टेशनरी की दुकानों और साइबर तकनीक की मदद से आरोपित की पहचान पुख्ता की गई और उसे उसके गांव टिम्बा महुडी से हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में यह चौंकाने वाली बात सामने आई कि एक शिक्षक होने के बावजूद विकेश ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण लाखों रुपये हार चुका था और भारी कर्ज में डूबा हुआ था। लेनदारों के दबाव से बचने के लिए उसने व्यापारियों को लूटने की साजिश रची। उसने बाकायदा व्यापारियों की रेकी की थी, जहां एक जगह उसने गाय खरीदने के बहाने और दूसरी जगह चांदी के पायजेब खरीदने के बहाने व्यापारियों की आर्थिक स्थिति और उनके परिवार की जानकारी जुटाई थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है और आरोपित से आगे की पूछताछ जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुभाष