कपास की आड़ में उगा रखी थी गांजे की फसल, पुलिस ने 280 किलो वजनी गांजे के 2505 हरे पौधे बरामद
डूंगरपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ को लेकर चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत डूंगरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के पंथाल गांव में कपास की फसल की आड़ में उगाई जा रही गांजे की फसल का खुलासा किया है। जिला विशेष टीम (डीएसटी) और बिछीवाड़ा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में खेत से गांजे के 2505 हरे पौधे बरामद किए गए, जिनका कुल वजन करीब 280 किलोग्राम पाया गया। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे के पौधों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपए है। कार्रवाई के दौरान खेत मालिक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देश में डीएसटी टीम प्रभारी मोहनपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंथाल गांव निवासी नरसी पुत्र दला तबियाड़ ने अपने खेत में कपास की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रखे हैं। सूचना के आधार पर डीएसटी एवं बिछीवाड़ा थाना पुलिस की टीम आवश्यक तलाशी एवं अनुसंधान सामग्री के साथ मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस टीम जब पंथाल गांव में बताए गए स्थान के आसपास पहुंची तो खेत मालिक नरसी पुलिस को देखकर जंगल और पहाड़ी क्षेत्र की ओर भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन जंगल एवं पहाड़ी क्षेत्र का फायदा उठाकर वह फरार होने में सफल रहा। इसके बाद टीम उसके घर पहुंची, जहां मकान पर ताला लगा मिला। पुलिस ने खेतों की तलाशी शुरू की।
तलाशी के दौरान मकान के दाहिने हिस्से में स्थित खेत में कपास की फसल के बीच कई हरे पौधे दिखाई दिए। पुलिस टीम ने पौधों की जांच की तो अनुभव के आधार पर उन्हें गांजे के पौधे होना पाया। इसके बाद टीम ने गांजे के पौधों को जड़ सहित उखाड़कर एकत्र करना शुरू किया। खेत के अलग-अलग हिस्सों में तलाशी लेने पर कपास की फसल की आड़ में गांजे के और भी पौधे मिले। पुलिस के अनुसार पौधों की लंबाई करीब ढाई से तीन फीट तक थी तथा कई पौधों में फूल और बीज भी दिखाई दे रहे थे।
पुलिस टीम ने खेत से मिले गांजे के सभी पौधों को एकत्र कर उनकी गिनती की। गिनती में कुल 2505 हरे गांजे के पौधे पाए गए। इसके बाद पौधों को अलग-अलग प्लास्टिक के थैलों में भरकर वजन किया गया, जिसमें कुल वजन 280 किलोग्राम पाया गया। जब्त किए गए गांजे के पौधों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई गई है।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने जब्त गांजे के पौधों से भरे थैलों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए बिछीवाड़ा थाना पुलिस को सुपुर्द किया। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपी नरसी पुत्र दला तबियाड़ निवासी पंथाल, थाना बिछीवाड़ा की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही यह भी पता लगाने में जुटी है कि खेत में गांजे की खेती कब से की जा रही थी तथा इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

