home page

कंधा टकराने पर चाकू मारकर हत्या

 | 

नई दिल्ली, 14 जून (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में शनिवार देर रात महज कंधा टकराने के बाद एक नाबालिग की दौड़ा-दौड़ाकर हत्या कर दी गई। आरोपितों ने नाबालिग पर चाकू के कई वार किए। हमला करने के बाद आरोपी फरार हो गए। मृतक की शिनाख्त राजकुमार (17) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मामले में तीन नाबालिगों को पकड़ा है। इनसे पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात में और कौन-कौन शामिल था। क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की छानबीन कर रही है।

पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि राजकुमार परिवार के साथ जीडी कालोनी, मयूर विहार फेज-3 में रहता था। इसके परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं। राजकुमार पेशे से पेंटर था। शनिवार देर रात को वह अपने दोस्तों के साथ घड़ौली पार्क में टहल रहा था। इस बीच सामने से दोस्तों के साथ आ एक लड़के से इसका कंधा टकरा दिया। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में बात मारपीट पर पहुंच गई। एक लड़के ने चाकू निकालकर राजकुमार पर हमला कर दिया। उसके दोस्त छोड़कर फरार हो गए। आरोपितों ने पार्क में दौड़ा-दौड़ाकर उसे चाकू मारा। हमला करने के बाद आरोपित फरार हो गए।

सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी हालत में राजुकमार को एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मत घोषित कर दिया। रविवार को मामले में तीन नाबालिग लड़़कों को पकडा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी