औरैया : दो कुंतल बने-अधबने पटाखे बरामद, दो आरोपित गिरफ्तार
औरैया, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र में त्योहार से पहले अवैध रूप से पटाखे बनाने और उनका भंडारण करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। थाना पुलिस ने बुधवार देर शाम मोहल्ला बाबा का पूर्वा में आबादी के बीच एक घर में छापा मारकर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान करीब 191 किलो बने-अधबने पटाखे, 46 किलो दफ्ती के खोखे और 21 किलो बारूद बरामद हुआ। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिलने से क्षेत्र में खलबली मच गई।
थाना प्रभारी अजय कुमार और सीओ फायर तेजवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाबा का पूर्वा में उक्त कार्रवाई की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आबादी के बीच स्थित एक घर में अवैध रूप से आतिशबाजी बनाई और जमा की जा रही है। टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली तो बड़ी मात्रा में बने और अधबने पटाखे तथा बारूद बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से आजम खान पुत्र विलायत खान और जुल्फिकार पुत्र गफ्फार, दोनों निवासी बाबा का पूर्वा, फफूंद को गिरफ्तार कर लिया।
बरामद सामग्री की सीओ फायर तेजवीर सिंह की मौजूदगी में जांच की गई। उन्होंने बताया कि करीब 191 किलो बने-अधबने पटाखों के अलावा 46 किलो दफ्ती के खोखे और 21 किलो बारूद मिला है।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद सामग्री के संबंध में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

