औचक टिकट जांच में 469 मामलों से 1.86 लाख की वसूली
जोधपुर, 15 मार्च (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में मेड़ता रोड रेलवे स्टेशन को आधार बनाकर चलाए गए विशेष औचक टिकट जांच अभियान में विभिन्न ट्रेनों में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले 469 यात्रियों से रेलवे ने 1.86 लाख का राजस्व वसूल किया है।
जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार शनिवार को मेड़ता रोड को केंद्र बनाकर मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी के नेतृत्व में पूरे दिन विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान मेड़ता रोड से गुजरने वाली सभी ट्रेनों में सघन जांच की गई। उन्होंने बताया कि औचक जांच अभियान के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के कुल 469 मामले पकड़े गए,जिनसे 1 लाख 86 हजार 595 रुपए का राजस्व वसूला गया। इसमें लगभग 1 लाख रुपए जुर्माना राशि भी शामिल है।
उन्होंने बताया कि जांच अभियान में 20 टिकट चेकिंग कर्मचारियों ने भाग लिया। वहीं,जोधपुर मंडल में पिछले 24 घंटे के दौरान कुल 1100 बिना टिकट और अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे रेलवे को 5.14 लाख रुपए का उल्लेखनीय राजस्व प्राप्त हुआ,जो सामान्य दिनों की तुलना में अधिक है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

