home page

ओडिशा से नशीली गोलियां लाकर रायपुर में खपाने की तैयारी, 8.40 लाख की टेबलेट के साथ आरोपित गिरफ्तार

 | 
ओडिशा से नशीली गोलियां लाकर रायपुर में खपाने की तैयारी, 8.40 लाख की टेबलेट के साथ आरोपित गिरफ्तार


महादेवघाट विसर्जन कुंड के पास पुलिस की कार्रवाई, नाइट्राजेपम की 2100 टेबलेट जब्त; तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

रायपुर, 22 अक्टूबर (हि. स.)। ओडिशा से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट लाकर रायपुर में खपाने की फिराक में घूम रहे एक युवक को रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने आज गुरुवार को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से नाइट्राजेपम (नाइट्रोसन-10) की 2100 टेबलेट बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत करीब 8 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अब टेबलेट की सप्लाई करने वाले स्रोत और तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि, डीडीनगर थाना क्षेत्र के महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और डीडीनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपित की पहचान मोहम्मद असजद (30 वर्ष) निवासी डंगनिया, थाना डीडीनगर, रायपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास रखे थैले की तलाशी ली, जिसमें 2100 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट मिलीं। टेबलेट रखने और उनकी बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारंभिक पूछताछ में उसने टेबलेट ओडिशा से लाना बताया।

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर टेबलेट जब्त कर ली हैं। उसके खिलाफ डीडीनगर थाने में अपराध क्रमांक 670/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 22(सी) में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित से टेबलेट की खरीद, परिवहन और बिक्री के संबंध में पूछताछ की जा रही है। सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के प्रयास जारी हैं। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, अब तक एनडीपीएस एक्ट के 94 मामलों में 207 आरोपितों को गिरफ्तार कर करीब 7.19 करोड़ रुपये की सामग्री जब्त की जा चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर