home page

ऑपरेशन रिकवरी : अभय कमांड ने तीन घंटे में ढूंढ निकाला गहनों से भरा बैग

 | 
ऑपरेशन रिकवरी : अभय कमांड ने तीन घंटे में ढूंढ निकाला गहनों से भरा बैग


जोधपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। शहर में कमिश्नरेट पुलिस की तत्परता और अत्याधुनिक तकनीकी निगरानी का एक शानदार उदाहरण सामने आया है। अभय कमांड सेंटर ने महज तीन घंटे के भीतर एक परिवार का गुम हुआ बैग बरामद कर लिया, जिसमें लाखों रुपये के सोने के आभूषण रखे थे।

जानकारी के अनुसार बालोतरा जा रहा एक परिवार पावटा से रेलवे स्टेशन जाने के लिए एक ऑटो रिक्शा में सवार हुआ था। स्टेशन पहुंचने और सामान उतारने के बाद परिवार को ध्यान आया कि गहनों से भरा कीमती बैग ऑटो में ही छूट गया है। बैग में लाखों के जेवरात होने के कारण परिवार की महिला सदस्य बुरी तरह घबरा गईं और बदहवास होकर रोने लगीं।

चूंकि ऑटो का नंबर किसी को याद नहीं था, इसलिए उसे ढूंढना एक बड़ी चुनौती थी। रेलवे स्टेशन पर तैनात पुलिसकर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत महिला को अभय कमांड सेंटर भेजा। कमांड सेंटर पहुंचने पर टीम ने सबसे पहले पीडि़त महिला को पानी पिलाया और उन्हें भरोसा दिलाया कि उनका सामान सुरक्षित मिल जाएगा। इसके तुरंत बाद, शहर के चप्पे-चप्पे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के नेटवर्क को खंगाला गया। पुलिस की कई टीमों ने समन्वय बिठाकर संदिग्ध रूट के दर्जनों कैमरों की फुटेज जांची।

करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम उस बिना नंबर वाले ऑटो रिक्शा को ट्रेस करने में सफल रही। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ऑटो को रोका और उसमें रखा सारा सामान सुरक्षित बरामद कर लिया। इस सफल ऑपरेशन को पुलिस कमिश्नर शरत कविराज के निर्देशन और डीसीपी शाहीन सी की सतत मॉनिटरिंग में अंजाम दिया गया। ग्राउंड लेवल पर अभय कमांड प्रभारी नरेंद्र चौधरी, पुलिस अधिकारी भूपेंद्र कुमार और रामचंद्र सहित कंट्रोल रूम की टीम का बेहतर तालमेल रहा। अपना खोया हुआ कीमती सामान वापस पाकर पीडि़त परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

उन्होंने जोधपुर पुलिस के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि तकनीक और कर्तव्यनिष्ठा के संगम से पुलिस किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश