home page

ऑपरेशन 'दहन' : प्रयागराज में नष्ट किया गया 3.83 करोड़ का गांजा

 | 
ऑपरेशन 'दहन' : प्रयागराज में नष्ट किया गया 3.83 करोड़ का गांजा


प्रयागराज, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सोरांव थाना एवं नारकोटिक्स टास्क फोर्स (अपराध शाखा), थाना सोरांव और थाना मऊआइमा पुलिस ने बुधवार को 766.67 किलोग्राम (7.6667 क्विंटल) अवैध गांजा को नष्ट कराया। नष्ट किए गए गांजे की कीमत 3 करोड़ 83 लाख 33 हजार 500 रुपये है। यह कार्रवाई उच्च स्तरीय समिति की निगरानी में विधिवत दहन कर निस्तारण किया।

उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन दहन के तहत यह कार्यवाही की गई। पुलिस आयुक्त, अपर पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त गंगानगर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और पर्यवेक्षण में पूरी प्रक्रिया एनडीपीएस एक्ट-2022 के अद्यतन प्रावधानों के अनुरूप संपन्न कराई गई।

पुलिस ने बताया कि पूर्व में थाना सोरांव और थाना मऊआइमा पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में इस भारी मात्रा में अवैध गांजे की बरामदगी कर तस्करों को गिरफ्तार किया था। विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की जांच में बरामद पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि के बाद विवेचना पूरी कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया। इसके बाद न्यायालय के आदेश तथा डीजीपी उत्तर प्रदेश एवं आईजी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से अनुमति मिलने पर गांजे का विनष्टीकरण कराया गया।

पुलिस आयुक्त द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति की मौजूदगी में लगभग चार घंटे चली कार्रवाई के दौरान वायु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मान्यता प्राप्त प्रक्रिया के तहत पूरे 766.67 किलोग्राम गांजे को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अग्नि में डालकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने कहा उत्तर प्रदेश पुलिस मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। ऑपरेशन 'दहन' के तहत न्यायालय के आदेश और एनडीपीएस एक्ट के सभी प्रावधानों का पालन करते हुए 766.67 किलोग्राम अवैध गांजे का विधिवत विनष्टीकरण कराया गया है। मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गंगानगर जोन पुलिस भविष्य में भी नशे के कारोबार के खिलाफ इसी प्रकार कठोर और निर्णायक कार्रवाई जारी रखेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल