home page

ऑनलाइन सट्टा : वांछित बर्खास्त सिपाही गमछे से मुंह ढककर पहुंचा न्यायालय, किया समर्पण

 | 
ऑनलाइन सट्टा : वांछित बर्खास्त सिपाही गमछे से मुंह ढककर पहुंचा न्यायालय, किया समर्पण


झांसी, 26 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में जनपद पुलिस की लगातार दबिश और प्रभावी कार्रवाई के चलते ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा मामले में वांछित चल रहे हाथरस के बर्खास्त सिपाही ने मंगलवार को झांसी न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय ने आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में लेते हुए जिला कारागार झांसी भेज दिया।

जानकारी के अनुसार थाना सीपरी बाजार क्षेत्र स्थित रॉयल सिटी में पकड़े गए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा सिंडिकेट में भाजपा नेता आशीष उपाध्याय के साथ स्वाट टीम के पूर्व सिपाही रजत कुमार का नाम सामने आया था। आरोपित रजत कुमार पुत्र श्यामवीर सिंह निवासी ग्राम समदपुर, थाना सादाबाद, जनपद हाथरस का रहने वाला है। इसके अलावा नवाबाद थाना में दर्ज ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के मामले में भी उसका नाम प्रकाश में आया था।

मामले में संलिप्तता सामने आने के बाद रजत कुमार को उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद से पुलिस की टीमें उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते आरोपित ने आखिरकार झांसी न्यायालय में सरेंडर कर दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपित थाना सीपरी बाजार में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 205/2026, धारा 112(2) बीएनएस एवं 3/4 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत नामजद और वांछित था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है तथा मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया