home page

एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी गिरोह का पर्दाफाश, 65 सिलेंडर समेत एक गिरफ्तार

 | 
एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी गिरोह का पर्दाफाश, 65 सिलेंडर समेत एक गिरफ्तार


नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)। द्वारका जिला एएटीएस और छावला थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहे गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में पुलिस ने 65 सिलेंडरों की बरामदगी के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार भी किया है। इनमें 57 कॉमर्शियल और आठ घरेलू खाली सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा एक रिफिलिंग मशीन और इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन भी बरामद हुई है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य गुर्गों के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है, इसके लिए गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के अनुसार एएटीएस को छावला इलाके में गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण व कालाबाजारी की सूचना मिली। सूचना को पुख्ता कर 24 मार्च को टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर पपरावात रोड, प्रेम नगर, छावला स्थित कश्मीरी कॉलोनी के एक आवासीय मकान पर छापा मारा। यहां से मुख्य आरोपी 52 वर्षीय अशोक कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित मूल रूप से इटावा, उत्तर प्रदेश का निवासी है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित अशोक कुमार अवैध तरीके से एलपीजी सिलेंडर इकट्ठा करता था। वह एक खास मशीन के जरिए गैस को एक सिलेंडर से दूसरे में ट्रांसफर करता था। इस दौरान कम गैस तौलकर इसे केटरिंग वालों व स्थानीयों को ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस ने मामले में आरोपित के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम समेत अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी