home page

एक ही रात में 3 चोरियां कर दहशत फैलाने वाले 4 शातिर चढ़े पुलिस के हत्थे

 | 

नाहन, 27 अगस्त (हि.स.)। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के तहत आने वाले कोलर क्षेत्र में बीते 19 अगस्त की रात हुई चोरी की सिलसिलेवार वारदात को सुलझाते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में 17 वर्ष का एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।

उल्लेखनीय है कि 19 अगस्त की रात शातिरों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए कोलर क्षेत्र में एक साथ तीन अलग-अलग मकानों के ताले तोड़े थे। चोरों ने कमरों में रखी अलमारियों को खंगालकर सोने-चांदी के कीमती आभूषण और भारी नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। एक ही रात में हुई तीन चोरियों की वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था और स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर काफी रोष देखा जा रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच का दायरा बढ़ाया और आसपास के संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की। कड़ियों से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और वारदात में शामिल सभी आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए चारों आरोपी पांवटा साहिब क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।

पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों में समीर पुत्र मेहताब बंगाला बस्ती (कुंजा मतरालिओं) और समीन खान पुत्र साजिद खान(कुंजा मतरालिओं) शामिल हैं। इनके अलावा अजीवाला (जामनीवाला) का रहने वाला केशवा नाथ पुत्र संजू भी पकड़ा गया है, जो पेशे से कबाड़ी का काम करता है। वहीं, इस वारदात में 17 वर्ष की उम्र का एक नाबालिग भी शामिल पाया गया है।

एस पी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आज सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जायेगा। पुलिस अदालत से आरोपियों का रिमांड हासिल करने का प्रयास करेगी, ताकि उनसे सख्ती से पूछताछ कर चोरी किया गया सोना-चांदी और नकदी बरामद की जा सके। इसके अलावा पुलिस को अंदेशा है कि पूछताछ के दौरान क्षेत्र में हुई अन्य छोटी-बड़ी चोरियों के मामलों से भी पर्दा उठ सकता है। वहीं, मामले में शामिल नाबालिग आरोपी के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर