home page

ईडी में राहत दिलाने के नाम पर 13 लाख की रिश्वत लेते हेड कांस्टेबल गिरफ्तार

 | 
ईडी में राहत दिलाने के नाम पर 13 लाख की रिश्वत लेते हेड कांस्टेबल गिरफ्तार


जयपुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की स्पेशल यूनिट-द्वितीय जयपुर टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में राहत दिलाने के नाम पर 13 लाख रुपये की रिश्वत लेते ईडी के हेड कांस्टेबल उत्तम पांडेय को गिरफ्तार किया है।

एसीबी पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने 30 दिसंबर 2025 को एसीबी जयपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2022 में क्यूएफएक्स प्राइवेट लिमिटेड नामक निजी कंपनी में निवेश के संबंध में उसके साथ धोखाधड़ी हुई थी। इसी प्रकरण में ईडी के हेड कांस्टेबल उत्तम पांडेय ने परिवादी से संपर्क कर स्वयं को ईडी चंडीगढ़ के सहायक निदेशक कार्यालय से संबद्ध बताते हुए मामले में नाम हटाने और राहत दिलाने के बदले रिश्वत की मांग की। प्रारंभ में आरोपित ने 20 लाख रुपये की मांग की, जिसे बाद में घटा कर 15 लाख और अंततः 13 लाख रुपये पर सहमति बनी। शिकायत के सत्यापन के बाद उप महानिरीक्षक अनिल कयाल के सुपरविजन में उप अधीक्षक विजय सिंह ने ट्रैप कार्रवाई की।

ट्रैप के दौरान आरोपित ईडी के हेड कांस्टेबल उत्तम पाण्डेय को कल्याण सर्किल स्थित होटल अशोका के पास 13 लाख रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपित के कब्जे से 2 लाख रुपए नकद और 11 लाख रुपए अन्य माध्यम से प्राप्त राशि बरामद की गई। एसीबी की एडीजी स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपित से पूछताछ की जा रही है। वहीं एसीबी की टीम आरोपित के आवास और अन्य ठिकानों पर तलाशी ली जाएगी। इसके साथ ही गिरफ्तार आरोपित के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है कि वह आरोपित वास्तव में ईडी का कर्मचारी है या केवल विभाग के नाम से खौफ दिखा रहा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश