home page

इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, फ्लैट से स्मैक व नकदी बरामद

 | 
इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, फ्लैट से स्मैक व नकदी बरामद


चित्तौड़गढ़, 17 जून (हि.स.)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत चित्तौड़गढ़ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना सदर चित्तौड़गढ़ एवं जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी व हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपित के फ्लैट से 36.46 ग्राम अवैध स्मैक, नकद 66 हजार 800 रुपये मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्रसिंह ने बताया कि सदर थानाधिकारी प्रेमसिंह के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। टीम ने सदर थाना क्षेत्र में सरहद ओछड़ी में प्रधानमंत्री आवासीय योजना के फ्लैट नंबर एलआईजी 5/एफएफ-7 पर दबिश दी। फ्लैट में आरोपित सुरेश कुमार उर्फ भोना सिंधी पिता मंगाराम सिंधी निवासी किला रोड चित्तौड़गढ़ मिला। वह वर्तमान में भगवान सिंह के नाम से उक्त फ्लैट में किराएदार बन कर रह रहा था। तलाशी के दौरान फ्लैट के अंदर से 36.46 ग्राम अवैध स्मैक, मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय व परिवहन में काम आने वाले उपकरण के अलावा 66 हजार 800 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर आरोपित भोना सिंधी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित सुरेश उर्फ भोना सिंधी थाना भूपालसागर से 10 हजार रुपये का इनामी बदमाश है। वह थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ का हिस्ट्रीशीटर भी है। आरोपित के खिलाफ पूर्व में जुआ अधिनियम के 20 प्रकरण और एनडीपीएस एक्ट के 5 प्रकरण दर्ज हैं। लंबे समय से फरार चल रहे इस बदमाश की पुलिस को तलाश थी। पुलिस आरोपित से स्मैक की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल