इंदौर का व्यक्ति जंगल में छिपकर कर रहा था गांजे की खेती, 14 पौधे और 26.96 किलो गांजा जब्त
खाचरौद, 27 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के खाचरौद क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुरानाबाद के जंगल से गांजे के पौधे और सूखा गांजा बरामद किया है। पुलिस ने जंगल में टापरी बनाकर कथित तौर पर गांजे की खेती कर रहे इंदौर निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 14 गांजे के पौधे और 1 किलो 626 ग्राम सूखी गांजे की पत्तियां सहित कुल 26 किलो 96 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 2 लाख 60 हजार 960 रुपये बताई गई है।
खाचरौद थाना प्रभारी निरीक्षक धनसिंह नलवाया के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बुरानाबाद जंगल में सगस बाबजी मंदिर के समीप बनी टापरी के आसपास एक व्यक्ति अन्य पेड़-पौधों की आड़ में गांजे के पौधे उगा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने बुधवार देर रात मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी की और तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान पुलिस को टापरी के आसपास गांजे के पौधे मिले। मौके से सूखी गांजे की पत्तियां भी बरामद की गईं। पुलिस ने मादक पदार्थ और पौधों को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित की पहचान अनील सौराष्ट्रीय पिता राजेंद्र सिंह सौराष्ट्रीय (40), जाति बलाई, निवासी मकान नंबर 38, सागर विहार कॉलोनी, सुखलिया, थाना हीरानगर, जिला इंदौर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में बुरानाबाद जंगल स्थित सगस बाबजी नंबर-1 मंदिर के पास बनी कुटिया में रह रहा था।
खाचरौद पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि जंगल में गांजे की खेती कब से की जा रही थी और बरामद मादक पदार्थ की आपूर्ति कहां की जानी थी। आरोपित को गुरुवार दोपहर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / Ravindra singh Raghuvanshi

