आलू की बोरियों की आड़ में भैंसों की तस्करी, चालक गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 07 नवंबर (हि.स.)। आलू की बोरियों की आड़ में मवेशी तस्करी की योजना को शनिवार को एनजेपी थाने की पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने मालवाहक ट्रक से 29 भैंस बरामद करने के साथ चालक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार चालक की पहचान रकीबुल इस्लाम के रूप में हुई है। वह असम का निवासी बताया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार दोपहर सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग के फूलबाड़ी स्थित अमाईदीघी इलाके में अभियान चलाया गया। इस दौरान आलू से भड़ी एक संदिग्ध मालवाहक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक के विशेष गुप्त चैंबर से 29 भैंसें बरामद की गई। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि बिहार से असम भैंसों की तस्करी की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपित को रविवार को जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

