home page

आपसी कहासुनी में दोस्त ने ही दोस्त को चाकू से मारा, युवक की मौत, आरोपित गिरफ्तार

 | 
आपसी कहासुनी में दोस्त ने ही दोस्त को चाकू से मारा, युवक की मौत, आरोपित गिरफ्तार


चित्तौड़गढ़, 01 जुलाई (हि.स.)। जिले के बेगूं क्षेत्र में मंगलवार मध्य रात्रि को सांवलिया जी दर्शन करने आए दो दोस्तों के बीच ढाबे पर खाने के दौरान आपसी कहासुनी के बाद चाकूबाजी हो गई। हमले में एक युवक की मौत हो गई। भाग रहे आरोपित को ट्रक चालकों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

बेगूं सीआई कमल प्रसाद ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 पर मांडना के पास एक ढाबे पर कोटा निवासी गौरव चतुर्वेदी और कमल सिंह राठौड़ खाना खाने रुके थे। दोनों सांवलिया जी दर्शन करने घर से निकले थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों दोस्तों में कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि कमल सिंह राठौड़ ने गौरव चतुर्वेदी पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपित कमल सिंह राठौड़ मौके से भागने लगा। इस पर यहां मौजूद ट्रक चालकों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित को पकड़ लिया। सूचना पर बेगूं डीएसपी अंजलि सिंह और थानाधिकारी कमलचंद मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल गौरव को काटूंदा चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को बेगूं चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया गया कि मृतक गौरव चतुर्वेदी चार भाइयों में तीसरे नंबर का था और अविवाहित था। दोनों दोस्त साथ में सांवलिया जी दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए विवाद ने एक की जान ले ली। आरोपित कमल सिंह राठौड़ पुलिस हिरासत में है और पूछताछ जारी है। सीआई ने बताया कि पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। इधर, मृतक के भाई नवनीत चतुर्वेदी ने बताया कि प्रार्थी के भाई को पांच मकान दूर रहने वाला कमल सिंह राठौड़ सांवलियाजी दर्शन के लिए ले गया था। यहां काटूंदा मोड के पास ढाबे पर रुके थे। प्रार्थी का भाई गौरव बाथरूम करने के लिए जा रहा था। प्रत्यदर्शियों ने बताया कि आरोपित कमलसिंह ने पीछे से गर्दन के यहां चाकू से वार कर दिया। नीचे गिरने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर मौके पर ही हत्या कर दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल