home page

आठवीं की छात्रा की हत्या का खुलासा, युवक डिटेन; दुष्कर्म की आशंका

 | 
आठवीं की छात्रा की हत्या का खुलासा, युवक डिटेन; दुष्कर्म की आशंका


बीकानेर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के एक गांव में आठवीं बोर्ड परीक्षा देने जा रही 13 वर्षीय बालिका की हत्या के मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को डिटेन किया है। पूछताछ के दौरान आरोपित ने छात्रा की गला दबाकर हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस ने दुष्कर्म की आशंका भी जताई है, हालांकि यह घटना मौत से पहले हुई या बाद में, इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मामले का विस्तृत खुलासा प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया जाएगा।

जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि 21 फरवरी को 13 वर्षीय बालिका अपने घर से ढाणी होते हुए आठवीं बोर्ड की परीक्षा देने के लिए निकली थी। वह दोपहर करीब 12:15 बजे घर से रवाना हुई थी। करीब 1:46 बजे स्कूल प्रशासन की ओर से सूचना मिली कि छात्रा परीक्षा केंद्र पर नहीं पहुंची है। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने तलाश शुरू की। कुछ दूरी पर बच्ची का शव अर्द्धनग्न अवस्था में मिला।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रास्ते में आरोपित युवक ने छात्रा को जबरन रोक लिया। विरोध करने पर उसने बालिका का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को आशंका है कि घटना के दौरान दुष्कर्म भी किया गया हो सकता है।

जांच में सीसीटीवी फुटेज अहम सुराग साबित हुआ। फुटेज में युवक घटना वाले दिन सुबह करीब 12:15 बजे क्षेत्र की ओर जाता और दोपहर 1 से 1:30 बजे के बीच लौटता नजर आया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने खेत में काम से जाने की बात कही, लेकिन घटनास्थल और खेत की दूरी का मिलान करने पर पुलिस को संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ के बाद उसने वारदात कबूल कर ली। संदिग्ध युवक को दो दिन की पूछताछ के बाद सोमवार को डिटेन किया गया।

इधर, घटना के विरोध में ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया था।

चौथे दिन मंगलवार दोपहर ग्रामीणों और पुलिस-प्रशासन के बीच सहमति बनने के बाद धरना समाप्त हुआ और शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। प्रशासन ने परिजनों को पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत 5 लाख रुपये, मुख्यमंत्री सहायता कोष से 5 लाख रुपये तथा परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने का आश्वासन दिया है। साथ ही एक करोड़ रुपये मुआवजे का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने की बात कही गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित