आईपीएल वीआईपी पास की कालाबाजारी करने वाले छह आरोपित गिरफ्तार
जयपुर, 01 मई (हि.स.)। राजधानी के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले जा रहे आईपीएल मैचों के दौरान वीआईपी पास की कालाबाजारी करने वाले गिरोह का जयपुर पुलिस (दक्षिण) ने पर्दाफाश किया है। अशोक नगर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने बोगस ग्राहक बनकर कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 1.40 लाख रुपये कीमत के 13 कॉम्प्लीमेंट्री वीआईपी पास, एक कार और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि आईपीएल मैचों के दौरान स्टेडियम के आसपास और सोशल मीडिया के माध्यम से टिकट व पास की कालाबाजारी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर डीएसटी की विशेष टीम द्वारा अभियान चलाया जा रहा था।
शुक्रवार को मैच से पहले मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक वीआईपी पास की कालाबाजारी कर रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने स्टेडियम क्षेत्र में जाल बिछाया और बोगस ग्राहक बनकर आरोपियों से संपर्क किया। सौदा तय होते ही टीम ने घेराबंदी कर भावेश (22), अशोक कुमार (49), अर्जुन सैन (26), पवन कुमार (44), विपिन कुमार (27) और महीप माहेश्वरी (23) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित बनीपार्क, झोटवाड़ा, भीलवाड़ा, हरियाणा और माणक चौक क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित वीआईपी पास को वास्तविक कीमत से 5 से 10 गुना अधिक दाम पर बेच रहे थे। आरोपियों के खिलाफ अशोक नगर थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
जयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म और आधिकारिक पार्टनर के माध्यम से ही टिकट खरीदें। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या सोशल मीडिया विज्ञापन के झांसे में न आएं तथा कालाबाजारी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

