home page

आईएएस अधिकारी बनकर नाबालिगों से दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार

 | 
आईएएस अधिकारी बनकर नाबालिगों से दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार


जोधपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। महिला एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जोधपुर कमिश्ररेट की जिला पूर्व पुलिस ने स्वयं को आईएएस अधिकारी बताकर नाबालिग छात्राओं को झांसे में लेने और उनके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध अब तक तीन प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। वह लड़कियों को बोर्ड परीक्षा में नंबर बढ़ाने, पेपर दिलाने और सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर फंसाता था। इसके बाद होटल बुलाकर रेप करता था।

डीसीपी पूर्व मनीष चौधरी ने बताया कि 26 जुलाई को एक पीडि़ता ने मामला दर्ज कराया कि वर्ष 2024 में उसे एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने स्वयं को आईएएस अधिकारी बताते हुए बोर्ड परीक्षा में अंक बढ़वाने और सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद आरोपी ने लगातार संपर्क कर उसे मिलने के लिए मजबूर किया तथा होटल ले जाकर नशीला पेय पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त अंशुमान भौमिया के निर्देश पर रातानाडा थानाधिकारी मोहम्मद शफीक खान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कलाऊ, थाना देचू जिला फलोदी, हाल अजीत कॉलोनी, रातानाडा निवासी उम्मेदाराम पुत्र गणपत राम विश्रोई को गिरफ्तार कर लिया।

पीडि़ता की बहन का भी किया रेप

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी स्वयं को राज उदावत उर्फ अक्की नाम से आईएएस अधिकारी बताकर कोचिंग संस्थानों और स्कूलों में पढऩे वाली छात्राओं को निशाना बनाता था। वह पुस्तकालयों के आसपास भी घूमता रहता था और किसी तरह छात्राओं के मोबाइल नंबर हासिल कर उनसे संपर्क करता था। इसके बाद सरकारी नौकरी दिलाने, प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने, परीक्षा में अंक बढ़वाने तथा एयर होस्टेस बनाने का झांसा देकर उन्हें होटल या अपने किराये के कमरे पर बुलाता और उनके साथ दुष्कर्म करता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने एक पीडि़ता की छोटी बहन को एयर होस्टेस बनाने का झांसा देकर अपने किराये के कमरे पर बुलाया और उसके साथ भी दुष्कर्म किया।

इसके अलावा एक अन्य युवती को अजमेर ले जाकर होटल में दुष्कर्म करने का मामला भी सामने आया है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तथाकथित राज उदावत की पहचान उम्मेदाराम के रूप में हुई। इसके बाद विशेष टीम ने लगातार तलाश कर उसे अजीत कॉलोनी क्षेत्र से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश