home page

अवैध हथियारों का जखीरा बरामद : हथियार सप्लाई करने आया युवक गिरफ्तार

 | 
अवैध हथियारों का जखीरा बरामद : हथियार सप्लाई करने आया युवक गिरफ्तार


जयपुर, 03 मई (हि.स.)। जयपुर ग्रामीण जिले की चंदवाजी थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हथियारों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी से 4 ऑटोमेटिक पिस्टल, 5 मैगजीन, 4 देशी कट्टे और 16 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं।

जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान प्रसाद ने बताया कि यह कार्रवाई जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश के निर्देशन में अवैध आग्नेयास्त्रों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। शाहपुरा एएसपी रणवीर सिंह के निर्देशन और जमवारामगढ़ वृत्ताधिकारी रामकिशन विश्नोई के सुपरविजन में चंदवाजी थानाधिकारी प्रशिक्षु आईपीएस नितिन चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।

पुलिस को कांस्टेबल रोहिताश बराला से सूचना मिली थी कि टीएसी पुलिया के नीचे एक युवक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर पिट्ठू बैग में हथियार भरकर किसी को डिलीवरी देने के इंतजार में खड़ा है। सूचना पर उप निरीक्षक जयप्रकाश मील मय जाब्ता मौके पर पहुंचे।

पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान साहिल मीणा (22) निवासी कंचनपुर के रूप में हुई, जो वर्तमान में झोटवाड़ा के पवनपुरी स्थित शंकर विहार कॉलोनी में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके बैग से अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा मिला, जिसके संबंध में उसके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने हथियारों के साथ तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह ये हथियार हिंगोटा निवासी अनिल जाट उर्फ पहलवान से लेकर आया था और उसके कहने पर ही किसी अज्ञात व्यक्ति को सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस अब इस गिरोह के सरगना और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

इस कार्रवाई में प्रशिक्षु आईपीएस नितिन चौधरी, उप निरीक्षक जयप्रकाश मील और कांस्टेबल रोहिताश बराला की विशेष भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश