अवैध असलहा व विस्फोटक बनाने की फैक्ट्री का खुलासा, तीन गिरफ्तार
मुरादाबाद, 22 मार्च (हि. स.)। महानगर के थाना कटघर पुलिस ने रविवार को अवैध असलहा व विस्फोटक बनाने की फैक्ट्री का खुलासा किया। मामले में तीन शातिर आरोपितों काे गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपितों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलहे, कारतूस और देशी बम (विस्फोटक) बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि थाना कटघर पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने क्षेत्र में दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों में मुख्य सरगना थाना मझोला क्षेत्र के विकास नगर लाइनपार निवासी दुष्यंत उर्फ दीपक पुत्र राजेंद्र सिंह, एकता कॉलोनी निवासी ऋषभ शर्मा पुत्र कामेश्वर शर्मा, थाना मूंढापांडे क्षेत्र के गोवर्धनपुर निवासी अजीम पुत्र खलील शामिल है। आरोपितों के पास से 3 तमंचे, 62 जिंदा कारतूस, 42 खोखा कारतूस, 12 देशी बम बरामद किए गए।
एसपी सिटी के अनुसार, तीनों आरोपितों के खिलाफ पहले से ही शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। जिससे इनके आपराधिक प्रवृत्ति के होने की पुष्टि होती है। पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे अवैध असलहे और कारतूस राह चलते लोगों को बेचने का काम करते थे। घटना के दिन भी वे इसी मंशा से क्षेत्र में घूम रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। आगे की कार्रवाई गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कटघर में आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस टीम की भूमिका यह पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

