अलीराजपुर: फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोगों को गुमराह करने का आरोपित पुलिस गिरफ्त में
अलीराजपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य अलीराजपुर जिले की कोतवाली पुलिस द्वारा फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोगों को गुमराह करने के आरोपित एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है।
आलीराजपुर पुलिस द्वारा मिली जानकारी अनुसार आरोपित शख्स द्वारा फर्जी डिजिटल स्थानांतरण पत्र तैयार कर एवं उन्हें वाट्स एप के माध्यम से प्रसारित करते हुए लोगों को भ्रमित कर ठगी करने का प्रयास किया जा रहा था। कोतवाली पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने सोमवार को बताया कि उक्त मामले में अलीराजपुर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री के नाम से फर्जी डिजिटल स्थानांतरण पत्र तैयार कर वाट्स एप के माध्यम से लोगों को गुमराह करते हुए ठगी करने का प्रयास करने के आरोपित मुकेश भोसले को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जानकारी अनुसार आरोपित शख्स द्वारा मुख्यमंत्री के नाम का दुरुपयोग करते हुए फर्जी डिजिटल स्थानांतरण पत्र तैयार किए गए थे और उन्हें वाट्स एप के माध्यम से प्रसारित कर लोगों को भ्रमित कर ठगी करने का प्रयास किया जा रहा था। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता से जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोगों को गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त संदेश दिया गया है। मामले में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपित के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

