हत्या समेत कई आरोपों में पुलिस हिरासत में जियारुल हक, घटनास्थल पर कराया गया पुनर्निर्माण
उत्तर दिनाजपुर, 06 जुलाई (हि. स.)। जिले के चोपड़ा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस नेता जियारुल हक के खिलाफ कई गंभीर आरोपों की जांच तेज हो गई है। सोमवार को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें दासपाड़ा बाजार इलाके में घटनास्थल का पुनर्निर्माण करने के लिए ले जाया।
जियारुल हक ने 2018 के एक हत्या के मामले में 29 जून को इस्लामपुर उप-मंडलीय अदालत में आत्मसमर्पण किया था। तब से वह पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस अब उनके खिलाफ सामने आए अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। शनिवार को एक अन्य मामले में अदालत ने उनकी पुलिस हिरासत तीन दिन और बढ़ा दी।
भाजपा नेता गोपाल हाजरा ने 30 जून को दासपाड़ा पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनके चाय बागान से लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य की कच्ची चाय की पत्तियां जबरन उठा ली गई। इसके बाद बागान में प्रवेश की अनुमति देने के नाम पर 50 हजार रुपये वसूले गए। हाजरा ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के लगभग एक महीने बाद उनका अपहरण कर उनसे तीन लाख रुपये की उगाही की गई। इसके अलावा, जमीन विवाद में पंचायतनुमा समझौते के नाम पर पांच लाख रुपये लेकर दूसरे पक्ष को जमीन दिलाने का भी आरोप लगाया गया है।
सोमवार को जब पुलिस जियारुल हक को दासपाड़ा बाजार लेकर पहुंची, तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों ने उन पर अंडे भी फेंके और चोर के नारे लगाए। पूरे घटनाक्रम के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
इस मामले पर तृणमूल नेता प्रीतरंजन घोष ने कहा कि जियारुल हक ने आत्मसमर्पण किया है और फिलहाल पुलिस हिरासत में है। उनके अनुसार, यह पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया है। इस पर वह इससे अधिक कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

