home page

32.28 लाख की ठगी का आरोपी युवराज सिंह मध्य प्रदेश से गिरफ्तार

 | 
32.28 लाख की ठगी का आरोपी युवराज सिंह मध्य प्रदेश से गिरफ्तार


जयपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने 32.28 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी के मामले में 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी युवराज सिंह चुण्डावत (39) निवासी बस्सी जिला चित्तौड़गढ़ को मध्य प्रदेश के धार जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सीमेंट फैक्ट्री में मजदूरी करने की आड़ में फरारी काट रहा था।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि परिवादी त्रिलोक चंद्र गुढ़वाल ने 20 मार्च 2022 को जवाहर सर्किल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी के अनुसार, 11 फरवरी 2022 को एक व्यक्ति ने विदेशी व्हाट्सएप नंबर से संपर्क कर खुद को लंदन की ए-जेड फार्मा कंपनी का कर्मचारी बताया और सुगंधित तेल की बड़ी मांग होने की बात कही। इसके बाद स्थानीय सप्लायर कृष्णा एंटरप्राइजेज से संपर्क करने को कहा गया।

पुलिस के अनुसार ऊंचे मुनाफे का लालच देकर सैंपल और 50 लीटर तेल के ऑर्डर के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में कुल 32 लाख 28 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए गए। 8 मार्च 2022 से संबंधित फोन और नंबर बंद हो गए। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान परिवादी की फर्म से कृष्णा एंटरप्राइजेज और चुण्डावत एंटरप्राइजेज के बैंक खातों में ठगी की राशि ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आई। तकनीकी विश्लेषण में फर्म के मालिक युवराज सिंह चुण्डावत की कथित संलिप्तता सामने आई। इसके बाद थानाधिकारी महेश चंद्र के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। डीएसटी चित्तौड़गढ़ से मिली सूचना और तकनीकी लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश के धार जिले में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने ठगी की राशि खर्च कर देना बताया है। उससे पूछताछ कर मामले में आगे की जांच की जा रही है।

है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। इनमें नागौर के चितावा थाने में वर्ष 2016 का सड़क दुर्घटना से संबंधित मामला, चित्तौड़गढ़ महिला थाने में वर्ष 2018 का मामला और बस्सी थाने में वर्ष 2019 का मामला शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश