देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी: युवक पर मामला दर्ज, आरोपी फरार
धार, 06 अप्रैल (हि.स.)। सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं और धार्मिक आस्था के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी की पहचान नौगांव निवासी गोपाल पाल के रूप में हुई है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फेसबुक पर देवी-देवताओं और मंत्रों की शक्ति को लेकर विवादित पोस्ट साझा की थी, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप है। पोस्ट सामने आने के बाद समाज में आक्रोश फैल गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्राह्मण समाज के नगर अध्यक्ष चेतन शर्मा, सर्व ब्राह्मण समाज के कार्यकारी जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र जोशी सहित अन्य लोग कोतवाली थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के साथ विवादित पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे गए। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियों से उनकी आस्था को ठेस पहुंची है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153(क) और 295(क) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
इसी बीच, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट के एक अन्य मामले में भी जयप्रकाश मार्ग निवासी दिनेश सोनवानिया ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

