home page

नाबालिग का अपहरण कर दिल्ली में तस्करी का आरोप, युवक गिरफ्तार

 | 

उत्तर दिनाजपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसे दिल्ली में तस्करी के लिए ले जाने के आरोप में रायगंज थाने की पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान देबजीत सरकार के रूप में हुई है। वह रायगंज शहर का निवासी बताया गया है। आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।

शनिवार को उसे रायगंज मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायाधीश ने तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीते 12 नवंबर की रात करीब नौ बजे आरोपित अपने कुछ दोस्तों के साथ कथित तौर पर नाबालिग को उसके घर से उठा ले गया। काफी देर तक लड़की का कोई सुराग नहीं मिलने पर उसकी दादी ने रायगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि देबजीत सरकार सहित चार लोगों ने साजिश रचकर नाबालिग का अपहरण किया और उसे दिल्ली में तस्करी के लिए भेज दिया।

शिकायत के आधार पर जांच में जुटी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार तड़के देबजीत सरकार को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अब तक अपहृत नाबालिग को बरामद नहीं किया जा सका है।

रायगंज मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत के सरकारी अधिवक्ता अतनु दास ने बताया कि नाबालिग के अपहरण और दिल्ली में तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। अदालत ने गिरफ्तार आरोपित को तीन दिनों की पुलिस हिरासत में रखने की अनुमति दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार