महिला को ब्लैकमेल कर वसूली करने वाला तथाकथित यू-ट्यूबर दिल्ली से गिरफ्तार
जयपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। यूट्यूब चैनल पर खबर चलाने और पुलिस में शिकायत कर जेल भिजवाने की धमकी देकर एक महिला को करीब पांच साल तक ब्लैकमेल कर अवैध वसूली करने वाले तथाकथित यू-ट्यूबर को प्रताप नगर थाना पुलिस ने दिल्ली के फतेहपुर बेरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला को डरा-धमकाकर हर महीने 500 से 2 हजार रुपए तक ऑनलाइन ट्रांसफर करवाता था। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राहुल सक्सेना (42) निवासी भरतपुर हाल निवासी फतेहपुर बेरी दक्षिण नई दिल्ली है। पुलिस टीम आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर जयपुर लेकर आई है।
थानाधिकारी विक्रांत शर्मा के अनुसार पीड़िता देशी शराब के ठेके से संबंधित कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती है। वर्ष 2020-21 में आरोपी राहुल सक्सेना प्रताप नगर क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर रहता था। उस दौरान उसने महिला की शराब बिक्री का वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपी खुद को यू-ट्यूबर बताकर महिला को वीडियो पुलिस को देने, जेल भिजवाने और बर्बाद करने की धमकी देने लगा। इसी भय का फायदा उठाकर उसने महिला से प्रतिमाह करीब 1500 रुपए वसूलने शुरू कर दिए।
वर्ष 2021 में आरोपी दिल्ली शिफ्ट हो गया। लेकिन इसके बाद भी उसने महिला को ब्लैकमेल करना बंद नहीं किया। वह महिला और उसके बेटों को फोन कर यूट्यूब चैनल पर खबर चलाने तथा पुलिस को सूचना देकर जेल भिजवाने की धमकी देता था। आरोपी ने महिला से प्रति माह 500 से 2 हजार रुपए तक की राशि फोन-पे के जरिए अपने मोबाइल नंबर पर ट्रांसफर करवाई। लगातार धमकियों और अवैध वसूली से परेशान होकर महिला ने पुलिस की शरण ली।
पीड़िता ने 21 अगस्त 2026 को प्रताप नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। इधर आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था।
जिस पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर दिल्ली में दबिश देकर आरोपी राहुल सक्सेना को गिरफ्तार किया। इस पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

