पुलिस पिटाई से युवक की हालत बिगड़ी, परिजन ने डीआईजी से गुहार लगाई
पश्चिम चम्पारण (बगहा),16सितम्बर(हि.स.)।बगहा पुलिस जिला के ठकराहा थाना अंतर्गत ठकराहा पंचायत के बाजारी टोला में चोरी किये जाने के आरोप में पुलिस हिरासत में लिए गए पांच युवक के साथ बुरी तरह पीटने का मामला उजागर हुआ है। परिजनों ने पुलिस पर करीब 36 से 37 घंटा थाना में रखकर पूछताछ करने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों के अनुसार एक युवक की रिहाई के बाद तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बगहा एसपी राजेश कुमार मामले की जांच कर रहें हैं।बताया जा रहा है कि नाजिर तिवारी के घर पिछले गुरुवार रात चोरी हुई थी। चोर घर का जंगला तोड़कर अंदर घुसे और नकदी समेत लाखों रुपया मूल्य के गहना चुरा ले गये। घटना की सूचना पर ठकराहा थानाध्यक्ष अभिलाषा झा पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच पड़ताल करना शुरू की।इस दौरान गांव में पांच युवक को पुलिस गिरफ्तार करके थान ले गयी,जो राॅड लेकर घुम रहे थे।युवकों का आरोप है कि उन्हें करीब 36 से 37 घंटा तक थाना में रखा गया। पूछताछ के दौरान उन्हें पेट के बल लिटाकर तलवा और शरीर के दूसरे हिस्सों पर डंडा से मारा गया।
युवकों ने यह भी आरोप लगाया है कि संकेश तिवारी को एक अलग कमरा में ले जाकर करीब एक घंटा तक पीटा गया,जिस कारण रिहाई के बाद संकेश की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे सीएचसी ठकराहा ले गए,जहां प्राथमिक उपचार उपरान्त बेतिया जीएमसीएच रेफर कर दिया गया, वही उसका इलाज चल रहा है। परिजनों ने डीआईजी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

