home page

टीले पर मिला युवक का शव, हत्यारोपी पति-पत्नी पर मुकादमा दर्ज

 | 
टीले पर मिला युवक का शव, हत्यारोपी पति-पत्नी पर मुकादमा दर्ज


हमीरपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मझगवां थाने के गौहानी गांव के पास बने टीले पर मंगलवार को एक युवक का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति और पत्नी पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

गौहानी गांव निवासी हरिश्चंद्र (22) सोमवार को सामान की खरीदारी करने के लिए राठ आया था। वह सामान लेकर घर वापस लौटा। परिजनों ने बताया कि कुछ देर बाद वह लापता हो गया। जब हरिश्चंद्र अपने घर नहीं पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी,लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। मंगलवार को हरिश्चंद्र के चाचा तीरथ गांव के बाहर उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें जंगली टीले पर हरिश्चंद्र का शव मिला। हरिश्चंद्र के पिता महीपत ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनके बेटे को अगवा किया और धारदार हथियारों से हत्या कर शव यहां लाकर फेंक दिया। परिजनों ने बताया कि हरिश्चंद्र मजदूरी करता था।

थानाध्यक्ष मझगवां दिनेश प्रसाद ने मंगलवार को शाम बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। बताया कि पिता की तहरीर पर गांव के अटल बिहारी और उसकी पत्नी भारती के विरूद्ध हत्या का मुकादमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस घटना की जांच कर कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा