home page

नाले में मिला युवक का शव, मकान हड़पने के लिए हत्या का आराेप लगा बहन ने दर्ज कराया मुकदमा

 | 
नाले में मिला युवक का शव, मकान हड़पने के लिए हत्या का आराेप लगा बहन ने दर्ज कराया मुकदमा


हाथरस, 07 अप्रैल (हि.स.)। सादाबाद के जलेसर पर स्थित एक गंदे नाले में मंगलवार सुबह अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर स्थानीय पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर जांच-पड़ताल शुरु की। शव की शिनाख्त होने पर पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी और मकान हड़पने के लिए हत्या किये जाने का आरोप लगा है, हालांकि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक युवक के सिर और पैरों पर चोट के निशान थे, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। मौके से एक क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। युवक के हाथ में घड़ी बंधी हुई थी। अज्ञात शव मिलने की खबर से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरु हो गईं। बरामद क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन के आधार पर दोपहर बाद पुलिस ने मृतक युवक की पहचान 48 वर्षीय वेद प्रकाश शर्मा उर्फ सोनू पुत्र राम प्रकाश शर्मा निवासी राधे दिल्ली वाला मोहल्ला थाना कोतवाली सदर हाथरस के रुप में की। शिनाख्त होने पर पुलिस ने परिजनों को घटना से अवगत कराया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।

परिवार के लोगों के मुताबिक कल रात्रि 08 बजे के लगभग सोनू अपने घर से चला गया था और उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सोनू अविवाहित था। सोनू को कुछ लोगों से जान का खतरा था और उसने कुछ दिन पहले ही इस मामले में पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र भी भेजा था। सोनू की बहन नीतू शर्मा ने सहपऊ कोतवाली में तहरीर दी है कि उसके भाई की हत्या कमल और गौरव पुत्रगण हरीश शर्मा उर्फ कुल्लो पहलवान निवासी दिल्ली वाला मोहल्ला थाना कोतवाली सदर हाथरस ने की है। तहरीर में कहा गया है कि यह लोग उसके भाई का मकान हड़पना चाहते थे। इन लोगों ने पहले भी उसके भाई के साथ मारपीट की थी। 15 दिन से यह लोग उसके भाई पर मकान बेचने के लिए दबाव बना रहे थे। यह लोग माफिया किस्म के लोग हैं। इनके विरुद्ध पहले भी मुकदमे दर्ज हैं।

सीओ सादाबाद अमित पाठक ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है और मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना