अज्ञात युवक का शव नाले में मिला
फर्रुखाबाद, 03 अगस्त (हि. स.)। कोतवाली कायमगंज क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गंगा दरवाजा रोड स्थित शिवाला धाम से करीब 50 कदम आगे सड़क किनारे बने नाले में एक युवक का शव पड़ा मिला। शव की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी। मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष है। वह सफेद रंग की टी-शर्ट और हाफ निकर पहने हुए था। मौके पर मौजूद लोग उसकी पहचान नहीं कर सके, जिसके चलते पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक की पहचान कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार शुक्ल ने बताया कि मृतक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। शिनाख्त होते ही परिजनों को सूचना दी जाएगी और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

