आम के पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, आत्महत्या की आशंका
बहराइच, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में थाना विशेश्वरगंज क्षेत्र में शुक्रवार रात एक युवक का शव नहर किनारे आम के पेड़ से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के कारणों का खुलासा अभी नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के मथुरा पुरवा निवासी सुरेश यादव (32) पुत्र सिद्धनाथ यादव का शव रानियांपुर-कहारन पुरवा गांव के पास नहर किनारे स्थित एक आम के पेड़ से लटकता मिला। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही विशेश्वरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक साक्ष्यों के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष सन्दीप कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

