जंगल में मिला युवक का शव:शरीर पर चोट के निशान मिलने से पुलिस ने जताई हत्या की आशंका
जयपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। राजधानी के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में चेतन पर्वत के पास स्थित जंगल में बुधवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर चोट और धारदार हथियार के हमले के निशान मिलने से पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जता रही है। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
हरमाड़ा थानाधिकारी नरेंद्र भड़ाना ने बताया कि बुधवार सुबह जंगल में पहुंचे एक व्यक्ति ने सुनसान स्थान पर शव पड़ा होने की सूचना दी। सूचना पर पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण भी घटनास्थल पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। इसके साथ ही एफएसएल टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए हैं। प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर चोटों के साथ धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस मृतक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों से गुमशुदा युवकों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि युवक की पहचान और घटना से जुड़े आरोपिताें तक पहुंचा जा सके।
डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि जंगल में शव मिलने की सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। युवक की पहचान और घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। मामले में साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

