अनूपपुर: छोहरी ओसीएम खदान में युवक का शव तैरते हुए मिला, हत्या की आशंका
अनूपपुर, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के थाना भालूमाड़ा अंतर्गत ग्राम छोहरी ओसीएम खदान के डैम में मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार शव तीन-चार दिन पुराना हैं। प्रथम दृष्टाया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया कि ग्रामीणों ने छोहरी ओसीएम खदान डैम में शव तैरता हुआ देखा। इसकी सूचना ग्राम के सरपंच ने पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया तो उसके हाथ और पैर रस्सी से बंधे हुए पाए गए। मृतक की पीठ पर एक बोरी बंधी हुई थी, जिसमें रेत भरी हुई थी। मृतक छोहरी गांव निवासी मोटू उर्फ सनी (18 वर्ष), पुत्र रंजू सहीस का बताया गया।
शव की स्थिति और मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को देखते हुए घटना को बेहद गंभीर माना जा रहा है। मृतक के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान भी दिखाई दिए हैं, जिससे यह मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए तथा पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, उसे डैम तक कैसे पहुंचाया गया तथा घटना के पीछे कौन लोग हो सकते हैं, इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

