बिंदोली देख रहे युवकों पर चाकू से हमला, शरीर पर लगे तीन घाव, उदयपुर रेफर
चित्तौड़गढ़, 20 अप्रैल (हि.स.)। शहर के सदर थानाअंतर्गत आने वाले करणी माता का खेड़ा में रविवार रात को पुरानी रंजिश के चलते बिंदोली देख रहे युवकों पर दूसरे पक्ष ने हमला कर दिया। इसमें गंभीर घायल को उपचार के लिए उदयपुर रेफर कर दिया गया। इसके शरीर पर चाकू से तीन घाव लगे थे। हमले के बाद करीब आधा दर्जन आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जान लेवा हमले का प्रकरण दर्ज कर आरोपिताें की तलाश शुरू कर दी है।
सदर थाने के एएसआई बलवंत सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के कुंभानगर करणीमाता का खेड़ा में चाकूबाजी की घटना हुई थी। इस संबंध में जयदीप पुत्र दुर्गेश शर्मा ने पुलिस थाने पर रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि बीती रात करीब 12 बजे गोपाल साहू के पुत्र की बिंदोली निकल रही थी। इस दौरान प्रार्थी व उसके अन्य रिश्तेदार मौसी के घर के बाहर कालिका ज्ञान केंद्र स्कूल के चौक में खड़े होकर बिंदौली देख रहे थे। तभी बिंदोली में से निकल कर करीब आधा दर्जन युवक इनके पास आए और मारपीट कर दी। रिपोर्ट में आरोप लगाया कि आरोपिताें ने राहुल पुत्र श्रवण शर्मा पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए। इससे राहुल के कमर, कंधे व पैर पर घाव हो गए। परिवार के लोगों ने राहुल को संभाला और उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर गए। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी जिला चिकित्सालय पहुंची। वही बाद में मौका देख कर घटना की जानकारी ली। इधर, गंभीर रूप से घायल राहुल शर्मा को जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने प्रार्थी जयदीप शर्मा की रिपोर्ट पर रोहित पुत्र रतनलाल कीर, रमेश पुत्र किशनलाल कीर, कारण व अनिल पुत्र बीमा कीर तथा राहुल पुत्र मुकेश कीर के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाया है। पुलिस ने जान लेवा हमले का प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपिताें की तलाश में गठित टीमें विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है।
प्रार्थी जयदीप शर्मा ने बताया कि आरोपिताें के हमले में उसके भी आंख एवं चेहरे पर चोट आई। रिपोर्ट में बताया कि आराेपित बिंदोली से निकल कर आए थे। आते ही टोका की हमें क्या देख रहे हो। बाद में पुरानी रंजिश को लेकर चाकू से हमला बोल दिया, जिससे राहुल को गंभीर चोट लग गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

