खेत में सोयाबीन बोते समय आकाशीय बिजली की चपेट में आया युवक, मौत: दो महीने पहले ही हुई थी शादी
हरदा, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम जिजगांव खुर्द में मंगलवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब युवक अपने खेत में ट्रैक्टर से सोयाबीन की बुवाई कर रहा था।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय प्रदीप राठौर निवासी जिजगांव खुर्द के रूप में हुई है। वह नर्मदा प्रसाद राठौर के पुत्र थे। जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे प्रदीप खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई।
बारिश से बचने के लिए प्रदीप ने ट्रैक्टर खड़ा किया और पास ही स्थित नीम के पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ के नीचे खड़े प्रदीप पर गिर गई, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गए।
परिजन तुरंत उन्हें लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके की कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया और जांच शुरू कर दी है। मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जा रहा है कि प्रदीप चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थे। उनकी शादी इसी साल 8 मई को नर्मदापुरम जिले की युवती से हुई थी। शादी को अभी करीब दो महीने ही हुए थे। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / Pramod Somani

