कानपुर सेंट्रल के पास एक लाख की शराब के साथ युवक गिरफ्तार
कानपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पास जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त चेकिंग में शनिवार को एक युवक को अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से अलग-अलग ब्रांड की 25 बोतल शराब बरामद हुईं, जिसकी कीमत एक लाख रुपये से अधिक है।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार ने बताया कि रेलवे में चोरी की घटनाओं के साथ अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। हैरिशगंज पुल से आगे सीपीसी वाशिंग लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर पावर हाउस के पास टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। उसके बैग से विभिन्न कंपनियाें के 25 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पकड़े गए युवक की पहचान दीपक कुमार निवासी निकसपुर पोस्ट अखा बिशनपुर, थाना उजियारपुर, जिला समस्तीपुर, बिहार के रूप में हुई।
जीआरपी प्रभारी ओम नारायण सिंह ने बताया कि बरामद शराब की कुल मात्रा 18 लीटर 750 मिलीलीटर है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित शराब हरियाणा से लेकर ट्रेन के जरिए बिहार ले जाने की तैयारी में था। संयुक्त टीम ने शराब को कब्जे में लेकर आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

