बिजली तार काटने के दौरान करंट लगने से युवक की मौत की आशंका, खंभे के नीचे मिला शव
अनूपपुर, 7 जुलाई (हि.स.)। अनूपपुर जिले के कोतमा नगर में मंगलवार सुबह एक युवक का शव बिजली के खंभे के नीचे मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक बिजली के तार काटने के दौरान करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई, हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, कोतमा के वार्ड क्रमांक-4 स्थित बालक पुरम सरस्वती हायर सेकेंडरी स्कूल के पीछे 35 वर्षीय संतराम सिंह गोंड का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो मृतक के हाथ में प्लास मिला और उसका एक हाथ बुरी तरह झुलसा हुआ पाया गया। मौके से बिजली के तार काटने में प्रयुक्त होने वाले कुछ औजार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस का मानना है कि युवक संभवतः बिजली के तार काटने का प्रयास कर रहा था, तभी करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि घटना की वास्तविक वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता लालमणि प्रजापति ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली तार चोरी और ट्रांसफार्मरों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इन मामलों की शिकायतें पहले भी पुलिस को दी जा चुकी हैं, जिससे विभाग को लाखों रुपये की क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला भी तार चोरी के प्रयास से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।
मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि सोमवार देर रात करीब एक बजे संतराम घर से निकले थे। वह अपना मोबाइल फोन और चप्पल घर पर ही छोड़ गए थे तथा उसके बाद वापस नहीं लौटे। मंगलवार सुबह उनकी मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में शोक छा गया।
थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ल ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

