home page

खेतासराय में नहर मार्ग पर युवक को घेरकर पीटा, चार अज्ञात हमलावर फरार

 | 
खेतासराय में नहर मार्ग पर युवक को घेरकर पीटा, चार अज्ञात हमलावर फरार


जौनपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र में नहर मार्ग पर शनिवार दोपहर दो बाइकों से पहुंचे चार युवकों ने एक राहगीर को रोककर लाठी-डंडों और पंच से हमला कर दिया। मारपीट में युवक मुस्तकीम गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर स्थानीय लोगों को मौके पर आता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्षेत्र के कोतवालिया कलापुर गांव निवासी सलीम पुत्र चुन्नू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई मुस्तकीम शनिवार दोपहर करीब दो बजे गुरैनी से घर लौट रहा था। इसी दौरान नहर मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे चार युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद हमलावरों ने लाठी-डंडों और हाथ में पहने पंच से उसकी पिटाई कर दी। हमले में मुस्तकीम लहूलुहान हो गया। लोगों को जुटते देख आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले।

खेतासराय क्षेत्र में पिछले एक महीने के दौरान मारपीट और हमले की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें रुधौली के ग्राम प्रधान राजेश गुप्ता, मिल संचालक विनोद विश्वकर्मा, उदयराज प्रजापति और विजय बहादुर यादव के साथ हुई घटनाएं शामिल हैं। बीते 30 सितंबर को खुदौली वन विहार के पास जूता व्यवसायी नितेंद्र सिंह उर्फ गुड्डू पर भी हमला किया गया था। हालांकि, ताजा घटना का पिछली वारदातों से कोई संबंध है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है।

लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता है। उन्होंने नहर मार्ग, सफीपुर जंगल सहित अन्य सुनसान स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव