सुपौल में मेले के दौरान युवक पर चाकू से जानलेवा हमला,पूर्णिया रेफर
सुपौल, 01 जुलाई (हि.स.)। जिले में मेले के दौरान पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। मधेपुरा जिले से अपने ससुराल आए एक 24 वर्षीय युवक पर बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
घटना के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तत्काल राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच), पूर्णिया में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।घायल युवक की पहचान मधेपुरा जिले के ललपुरिया श्रीनगर निवासी मो. मुबारक के पुत्र मो. मोजाहिद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोजाहिद कुछ दिन पहले सुपौल जिले के फुलकाहा-जदिया स्थित अपने ससुराल आया था। सोमवार को वह ससुराल के पास आयोजित बोगलाघाट मेले में घूमने गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसे घेर लिया और पेट में ताबड़तोड़ चाकू मार दिया।
परिजनों के मुताबिक, दो दिन पूर्व मधेपुरा स्थित उनके पैतृक गांव में कुछ स्थानीय युवकों के साथ कहासुनी हुई थी। आशंका है कि उसी विवाद की रंजिश में आरोपी युवक का पीछा करते हुए उसके ससुराल तक पहुंच गए और मौका मिलते ही उस पर हमला कर दिया।जीएमसीएच पूर्णिया के चिकित्सकों के अनुसार, युवक के पेट में चाकू के गहरे घाव हैं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण अस्पताल पहुंचने के समय उसका ब्लड प्रेशर काफी कम हो गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे 24 घंटे के लिए आईसीयू में भर्ती कर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने सुपौल के जदिया थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है। इधर, इलाके में इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मेले और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा हमले में शामिल फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

