मैरिज गार्डन में मामूली विवाद पर युवक के पेट में घोंपी कैंची
जयपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। ज्योति नगर थाना क्षेत्र स्थित एक मैरिज गार्डन में शनिवार रात मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने दूसरे के पेट में कैंची घोंप दी। कैंची से दो वार किए जाने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
ज्योति नगर थानाधिकारी गुंजन वर्मा के अनुसार शास्त्री नगर के नाहरी का नाका निवासी आमीर अहमद (28) शादी समारोहों में तंदूर लगाने का काम करता है। शनिवार शाम वह अपने साथी अंसार और मोहम्मद ग्यास के साथ वेदा मैरिज गार्डन में काम करने गया था। यहां गोपाल नाम का व्यक्ति फूलों की सजावट का काम कर रहा था।
रात करीब आठ बजे काम के दौरान गोपाल खाने में डालने वाले रंग की डिब्बी उठा ले गया। इस बात को लेकर आमीर और गोपाल के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर गुस्साए गोपाल ने हाथ में मौजूद कैंची से आमीर के पेट पर दो वार कर दिए। हमले में आमीर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी गोपाल मौके से फरार हो गया। गार्डन में काम कर रहे साथियों ने आमीर को गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। मेडिकल सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घायल के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

