home page

उज्जैन में मादक पदार्थ बेचने से इंकार करने पर युवक को चाकू मारे

 | 


उज्जैन, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में पंवासा थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ बेचने से इंकार करने पर गुरुवार को एक युवक पर तीन बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। घायल की शिकायत पर पुलिस ने तीन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।

पंवासा थाना पुलिस के अनुसार पांड्याखेड़ी निवासी सतपाल उर्फ गोलू (38 वर्ष ) पुत्र लाखन सिंह तोमर किसी काम से घर से निकला था। रास्ते में कान्हा, राजू और चिराग ने उसे रोक लिया। तीनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने सतपाल पर हमला कर उसके सीने में चाकू मार दिया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

सतपाल ने पुलिस को बताया कि आरोपी क्षेत्र में एमडी और गांजा बेचते हैं। वे उस पर भी नशीले पदार्थ बेचने का दबाव बना रहे थे, लेकिन उसने इंकार कर दिया था। इसी बात को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो चुका था। पुलिस ने घायल की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल