home page

सीवान के निजामपुर में युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर, पीएमसीएच रेफर

 | 
सीवान के निजामपुर में युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर, पीएमसीएच रेफर


सीवान, 23 मार्च (हि.स.)।

सीवान जिले के गौतम बुद्ध नगर थाना क्षेत्र के निजामपुर गांव में सोमवार की शाम करीब 6 बजे आधा दर्जन हमलावरों ने एक युवक पर चाकू एवं धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायल युवक की पहचान निजामपुर निवासी ललन पासवान के पुत्र अभिषेक कुमार पासवान के रूप में की गई है।

परिवार के लोगों के अनुसार, बगल के गांव बर्तवालिया के कुछ युवकों ने अभिषेक को फोन कर घर से बुलाया था। वह जैसे ही घर से कुछ दूरी पर पहुंचा, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उस पर अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने आनन-फानन में घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया।

इस संबंध में परिजनों ने हमले के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं किया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma