home page

मुरैनाः शराब के लिए रुपये मांगने के विवाद में युवक को गोली मारी, चार आरोपितों पर मामला दर्ज

 | 


मुरैना, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सिहोनिया थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया। गोली युवक की पीठ में लगी है। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर चार आरोपितों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सिहोनिया निवासी सीता तोमर (32) बुधवार सुबह सेंट्रल बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। ककनमठ रोड स्थित एक खेत के पास पहले से मौजूद तीन-चार लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि आरोपितों ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और एक आरोपित ने पिस्टल से फायर कर दिया। गोली सीता तोमर की पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सिहोनिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल मुरैना रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।

घायल सीता तोमर ने पुलिस को दिए बयान में डब्बू तोमर, बिल्लू तोमर तथा उनके साथियों पर हमला करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपित पहले भी उनके घर पर हमला कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि हमले के दौरान जान बचाने के लिए वह भागे और झाड़ियों में छिप गए, जबकि आरोपित उनकी तलाश करते रहे।

घटना की सूचना मिलते ही सिहोनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश तथा शराब के लिए रुपये मांगने के विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डाबर ने बताया कि सिहोनिया थाना क्षेत्र में एक युवक को गोली लगने की सूचना मिली थी। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा