home page

गाजियाबाद में साइड के लिए बाइक का हॉर्न बजाने के विवाद में युवक की गोली मार कर हत्या

 | 
गाजियाबाद में साइड के लिए बाइक का हॉर्न बजाने के विवाद में युवक की गोली मार कर हत्या


गाजियाबाद, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजिाबाद में लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के रतिराम कॉलोनी में बीती रात बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। साथ ही भाई को भी पीट कर घायल किया। दोनों बाइक सवार आरोपित से साइड मांग रहे थे। पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। घटना के बाद से आरोपित परिवार सहित फरार है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रतिराम कॉलोनी में विपिन कुमार (22) परिवार के साथ रहते थे। वह पेंट के ब्रश बनाने के कारखाने में काम करते थे। रविवार की देर रात को विपिन अपने भाई के साथ बाइक पर बैठकर घर की तरफ जा रहा था। रास्ते में सोनू अपने परिवार के सदस्यों के साथ खड़ा था।

आरोप है कि विपिन सोनू से साइड मांग रहा था। साइड मांगने के लिए विपिन ने बाइक का हॉर्न बजाया। लगातार हॉर्न बजाने को लेकर सोनू और विपिन में झगड़ा हो गया। आरोप है कि सोनू के परिवार के लोग भी आ गए। उन्होंने विपिन और उसके भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। तभी सोनू ने हथियार से विपिन पर गोली चला दी। गोली विपिन के कमर पर लगी। घटना के बाद विपिन और उसके भाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने विपिन को मृत घोषित कर दिया। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि शिकायत के आधार पर सोनू, उसके पिता और सोनू की पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है।

------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी