मथुरा में युवक की गोली मारकर हत्याः युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में लगाई फांसी
मथुरा, 03 मार्च(हि.स.)। थाना नौहझील क्षेत्र में मंगलवार युवक की हत्या और नाबालिग युवती द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या करने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। युवक की हत्या का आरोप युवती के भाई पर लगा है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच में जुट गई है। वहीं परिजनों का आरोप है कि मृतक युवक उनकी लड़की को कई दिन से परेशान कर रहा था।
नौहझील क्षेत्र के सुहागपुर गांव में हुई इस वारदात में मृतक युवक और आत्महत्या का प्रयास करने वाली युवती दोनों एक ही गांव के हैं। युवक की उम्र 30 वर्ष है। जबकि युवती नाबालिग है और उसकी उम्र 15 वर्ष है। बताया जा रहा है कि मृतक युवक ट्रक चलाता था और 4 दिन पहले ही छुट्टी पर आया था।
--भाई ने स्टेट्स पर लगाया फोटोआरोप है कि सुहागपुर के रहने वाले अर्जुन को नाबालिग युवती के भाई हर्ष उर्फ भोला ने मंगलवार को बुलाया। अर्जुन जब हर्ष के पास पहुँचा तो हर्ष ने सीने पर गोली मार दी। गोली लगने पर अर्जुन घर की तरफ भागने लगा तो घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर दुबारा गोली मार दी और गोली मारने के बाद आरोपित ने स्टेटस पर एक फोटो लगाया जिसमें वह दोनों हाथों में तमंचे लिए दिखाई दिया।
--घर पर फांसी पर लटकी मिली युवतीअर्जुन की हत्या के बाद जब हर्ष घर पहुंचा तो वहां उसकी बहन संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। इसके बाद उसे तत्काल फंदे से उतारा और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर बात करती थी। इसी को लेकर विवाद हुआ है।
--परिजन बोले, बेटी ने लगाई पहले फांसीजिला अस्पताल पहुंची युवती की मां ने बताया कि अर्जुन पिछले 4 दिन से उनकी लड़की को परेशान कर रहा था। 9 वीं में पढ़ने वाली बेटी उस दिन से स्कूल नहीं जा रही थी। मंगलवार को वह अपनी बेटी के साथ खेत से आ रही थी इसी दौरान अर्जुन बाइक से आया और छेड़खानी करने लगा। इससे परेशान होकर उनकी बेटी ने घर में आकर फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।
वारदात की जानकारी मिलते ही एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत,सीओ मांट संदीप सिंह,थाना नौहझील सहित अन्य कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने अर्जुन और युवती को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टर ने अर्जुन को मृत घोषित कर दिया।
सीओ मांट संदीप सिंह ने बताया प्रथम दृष्टया यह प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला लग रहा है। फिलहाल फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है, पूरे मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

