home page

दाेस्ताें संग बाजार में फिंगर खा रहे युवक को गोली मारी, हालत गम्भीर

 | 
दाेस्ताें संग बाजार में फिंगर खा रहे युवक को गोली मारी, हालत गम्भीर


फर्रुखाबाद, 19 मार्च (हि.स.)। कमालगंज नगर में युवक शिवा उर्फ चंचुआ ठाकुर को गुरुवार शाम गोली मारकर घायल कर दिया गया।

थाना कमालगंज के ग्राम पहाड़िया निवासी शिशुपाल का युवा पुत्र शिवा उर्फ चंचुआ ठाकुर आज शाम मोहल्ला गंगा गली हनुमान मंदिर के निकट दोस्तों के साथ फिंगर खा रहा था। उसी समय वहां पहुंचे युवक ने तमंचे से शिवा के ऊपर फायर झोंक दिया। सीने के निकट गोली लगने से शिवा लहूलुहान होकर गिर पड़ा, उसे तुरंत ही सीएचसी कमालगंज ले जाया गया। डॉक्टर मान सिंह वर्मा ने शिवा को बोतल चढ़ाकर प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर सीओ संजय वर्मा, थाना अध्यक्ष ललित कुमार ने अस्पताल जाकर घायल शिवा के हाल-चाल लिए, पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। बताया गया कि अमन नामक युवक ने शिवा को मार डालने के लिए गोली चलाई है। पुलिस अमन के बारे में जांच पड़ताल उसे तलाशने में जुट गई है। मालूम हो कि इंस्पेक्टर ललित कुमार ने आज दोपहर बाद थाने में आमद कराई है। क्षेत्रीय अपराधियों ने सरेआम गोली चलाकर नये थाना अध्यक्ष को खुली चुनौती दी है। मालूम हो कि बीती रात पुलिस अधीक्षक ने थाने के प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पांडे का तबादला कर दिया गया। पुलिस लाइन से निरीक्षक ललित कुमार की थाना प्रभारी पद पर तैनाती की है। इंस्पेक्टर ललित कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar