सुलतानपुर में बाइक सवार बदमाशों ने युवक को मारी, घायल
सुलतानपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में शुक्रवार देर रात घर के बाहर खड़े विपिन सिंह (40) को बाइक सवार तीन हमलावरों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
थाना क्षेत्र के ढेमा चौराहे पर हमलावरों ने विपिन के बाएं सीने में तीन गोलियां दागीं, जिसके बाद वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल विपिन को तत्काल सीएचसी मोतिगरपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे सुलतानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर भेज दिया। घटनास्थल से पुलिस ने चार खाली कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुड़हा निवासी शिवम सिंह और इंद्रसेन सिंह के परिवारों के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही है। घायल विपिन सिंह, इंद्रसेन सिंह का पुत्र है। स्थानीय लोगों ने बताया कि विपिन मध्य प्रदेश में कोयला खदान में निजी काम करता है और रक्षाबंधन पर ही शुक्रवार को घर लौटा था।
विपिन के चाचा दान बहादुर सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है। इसके आधार पर पुलिस ने एक नामजद आरोपित और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। अपराध निरीक्षक चंद्रभान वर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी सहित पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देकर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटा रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

