युवक को गोली मारकर किया घायल, एक गिरफ्तार
कानपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर शहर के चमनगंज के नाला रोड पर देर रात विवाद के दौरान तीन लोगों ने एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल असलहा बरामद किया है। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने रविवार को बताया कि रविवार रात करीब दो बजे मारपीट और गाली-गलौज के दौरान तीन लोगों ने शहजाद आलम पर फायरिंग की। गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल असलहा भी बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना चमनगंज के नाला रोड की है। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान पहले दोनों पक्षों के बीच मारपीट और गाली-गलौज हुई। इसके बाद तीन लोगों ने शहजाद को निशाना बनाकर गोली चला दी। हमलावर बाइक से आए थे। वारदात के बाद घायल युवक को मौके पर छोड़कर भाग निकले।
फायरिंग की सूचना पर चमनगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही पुलिस ने आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की। एक आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब फरार लोगों की तलाश कर रही है। घटना के पीछे विवाद की वजह जानने के लिए भी पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

