पोरसा में युवक ने खुद को मारी गोली, नशे की लत ने ली एक और जान
पोरसा, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा नगर में शुक्रवार को एक 19 वर्षीय युवक द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सर्वेश पुत्र राजू राठौर, निवासी गांधी नगर, गंगाराम बाली गली, पोरसा के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सर्वेश लंबे समय से नशे की लत का शिकार था। आत्महत्या से पहले बनाए गए एक वीडियो में उसने दावा किया कि वह अटेर रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर से नशे के इंजेक्शन खरीदकर उनका सेवन करता था। वीडियो में उसने यह भी कहा कि वह अब तक लगभग 10 से 12 लाख रुपये के नशे के इंजेक्शन लगा चुका है।
बताया जा रहा है कि नशे की लत के कारण वह मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान रहने लगा था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर एक अवैध कट्टे से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पोरसा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, युवक द्वारा वीडियो में लगाए गए मेडिकल स्टोर से नशे के इंजेक्शन मिलने संबंधी आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

